लखनऊ के लोकभवन सभागार में नवचयनित 2,425 मुख्य सेविकाओं और 13 फार्मासिस्टों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने अपने संबोधन में कहा कि जिस दिन से सीएम योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की बागडोर संभाली है तब से कन्याओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। अब अत्याचारियों पर 100 दिन के अंदर कार्रवाई की जा रही है।
वित्त मंत्री ने कहा कि कन्याओं के पोषण के साथ ही मार्गदर्शन की जिम्मेदारी भी मुख्य सेविकाओं की है। हमारे समाज में कन्याओं का पोषण ये कहकर किया जाता है कि उन्हें पराये घर जाना है पर मैं कहूंगा कि वो पराये घर जाएं तो स्वालंबी बनकर जाएं। आत्मनिर्भर बनकर जाएं। योगी सरकार ने कन्याओं की पढ़ाई से लेकर उनके विवाह तक के लिए मदद की है। बीते आठ साल में 4 लाख 77 हजार कन्याओं का विवाह प्रदेश सरकार के सहयोग से कराई जा चुकी है। वित्त मंत्री के संबोधन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
ये दिन प्रदेश की प्रगति का दिन है
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि ये दिन प्रदेश की प्रगति का दिन है। महिला आत्मशक्ति का दिन है। सहायिकाओं के मार्गदर्शन में आंगनबाड़ी की देखरेख होती है। प्रदेश में दो करोड़ से अधिक लाभार्थियों को पोषण सामग्री दी जा रही है। 14,535 आंगबाड़ी का पुनरोद्धार किया गया। कन्या सुमंगला योजना के तहत अभी तक 26 लाख बालिकाओं को 600 करोड़ से ज्यादा का लाभ दिया गया। 37 लाख महिलाओं को पेंशन दी जा रही है।
राज्यमंत्री बोलीं- खुद को सिर्फ सरकारी सेवा तक ही सीमित न समझें
इस मौके पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि 20 साल बाद ये ऐतिहासिक पल आया है। जब 2425 मुख्य सेविकाओं के नियुक्ति पत्र वितरण में आप साझीदार बने हैं। ये बाल शक्ति और मातृ शक्ति का पत्र है। सरकारी कर्मचारी के साथ-साथ आप मां के रूप में सेविका भी हैं। अपने दायित्व को सरकारी सेवा तक ही सीमित न समझे।